ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कुबरी ने मनाई महात्मा गांधी की पुण्यतिथि

सिहावल। सिहावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कुबरी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला, सचिव मृत्युंजय प्रसाद गौतम, समाजसेवी सुदीप द्विवेदी, जनपद सदस्य कुबरी यज्ञराज साहू, सरपंच कुशियारी गंगा प्रसाद साहू, चंद्रमणि कोल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजसेवी सुदीप द्विवेदी ने कहा कि 30 जनवरी केवल भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक अत्यंत दुखद दिन है। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी 1948 को चली गोलियों ने केवल महात्मा गांधी के शरीर को नहीं, बल्कि भारत की नैतिक चेतना और मानवता की उम्मीदों को भी आघात पहुँचाया। गांधी की शहादत एक जीवन का अंत नहीं, बल्कि अहिंसा, सत्य और मानव गरिमा के वैश्विक विचार का पुनर्जन्म है।
उन्होंने कहा कि आज स्वयं को ‘गांधी का अनुयायी’ कहने का अर्थ केवल स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।