जबलपुर में मजदूर महिलाओं को कुचलने की दर्दनाक घटना ने झकझोरा प्रदेश, मानवाधिकार संरक्षण संगठन ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

0 232


मैहर
जबलपुर मंडल क्षेत्र में घटित एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कार्य पर जा रही 14 मजदूर महिलाओं को एक तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिसमें 6 महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि 8 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मानवाधिकार संरक्षण संगठन, मध्यप्रदेश के जिलाध्यक्ष मैहर आशुतोष दहायत ने कहा कि यह दुर्घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की लापरवाही और यातायात व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाओं का बढ़ना अत्यंत चिंताजनक है, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
आशुतोष दहायत ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना घटित होने के बावजूद शासन की संवेदनशीलता का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक इस तरह की घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि दुर्घटना में शामिल आरोपी वाहन एवं चालक की तत्काल गिरफ्तारी की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मानवाधिकार संरक्षण संगठन ने यह भी मांग की कि दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिजनों को शासन की ओर से तत्काल एवं पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा गंभीर रूप से घायल महिलाओं के इलाज की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की जाए। संगठन का कहना है कि पीड़ित परिवारों को न्याय और सम्मान मिलना अत्यंत आवश्यक है।
अंत में आशुतोष दहायत ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान हो तथा घायल महिलाओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। उन्होंने समाज और प्रशासन से भी अपील की कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment