नर्मदा तट पर नाबालिगों की बीयर पार्टी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

शराब प्रतिबंधित क्षेत्र में कानून और आस्था की खुली अवहेलना
जिला ब्यूरो: मनोज कुमार यादव
डिंडोरी।
मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पवित्र नर्मदा नदी के तट पर स्थित डेम घाट पर दो नाबालिग लड़कियों द्वारा जन्मदिन मनाते हुए बीयर पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नर्मदा तट जैसे धार्मिक और प्रतिबंधित क्षेत्र में केक काटकर खुलेआम बीयर का सेवन किया जा रहा है। यह घटना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि धार्मिक मर्यादाओं का भी खुला अपमान मानी जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना के दौरान घाट पर मौजूद सेवादारों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर तत्काल पुलिस और संबंधित विभागों को सूचना दी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां नर्मदा तट की पवित्रता को ठेस पहुंचाती हैं और युवा पीढ़ी को गलत दिशा में ले जाती हैं।
वीडियो वायरल होते ही आबकारी विभाग हरकत में आया और तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों नाबालिग लड़कियों की पहचान की गई। उन्हें आबकारी कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई, जहां समझाइश के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हालांकि, इस पूरे मामले ने प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—
जब नर्मदा तट क्षेत्र में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित है, तो नाबालिगों के हाथों तक बीयर पहुंची कैसे?
अब इस सवाल का जवाब ढूंढना पुलिस और आबकारी विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
—