जल संचय अभियान में बोरी बंधान कार्य का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की प्रभावी पहल “जल संचय अभियान” के अंतर्गत विकासखंड बजाग में स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं जनसहयोग से किए जा रहे बोरी बंधान कार्य का जिले की कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने औचक निरीक्षण किया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बजाग में नवांकुर संस्था ग्राम विकास समिति मझियाखार के तत्वावधान में टाडो नाला में जल संचय हेतु 02 ट्राली मिट्टी के उपयोग से 30 बोरियों का बंधान किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के जनहितैषी कार्य स्वप्रेरणा से किए जाएं, तो यह जल संरक्षण की एक अभिनव और प्रभावी पहल सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि बोरी बंधान जैसे कार्य न केवल भूजल स्तर बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि सामुदायिक सहभागिता को भी सशक्त बनाते हैं।
बोरी बंधान कार्य मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा 15 से 31 दिसंबर 2025 तक संचालित “जल संचय अभियान” के अंतर्गत किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बहते जल को रोककर ग्रीष्मकाल में पशु-पक्षियों एवं मानव उपयोग हेतु जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, भूमिगत जल स्तर में वृद्धि करना तथा आसपास के किसानों को कृषि सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराकर सिंचित क्षेत्रफल और आय में वृद्धि करना है। साथ ही सब्जी एवं तरबूज जैसी फसलों के उत्पादन हेतु जल उपलब्धता सुनिश्चित करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र चौहान, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अंजू दुबे, नवांकुर संस्था ग्राम विकास समिति मझियाखार के अध्यक्ष श्री त्रिलोकी नाथ वनवासी, सचिव श्री विमल रौतेल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति लिखनी के अध्यक्ष श्री मनबोध गजेन्द्र, उपसरपंच श्री दशरथ सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।