वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु टास्क फोर्स की जनसुनवाई

दादर घुघरी एवं झामझोला में ग्रामीणों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा
रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
वन अधिकार अधिनियम 2006 एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा एवं समाधान हेतु मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स–कार्यकारी समिति के सदस्य डॉ. शरद चन्द्र लेले, श्री गिरीष कुवेर, श्री कालू सिंह मुजाल्दा एवं श्री रूप नारायण माण्डवे ने आज विकासखंड मेहंदवानी अंतर्गत ग्राम दादर घुघरी एवं झामझोला में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा वनाधिकार दावों की स्वीकृति, लंबित प्रकरणों, सीमांकन, वनाधिकार पट्टा वितरण, तथा दावे निराकरण प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से समिति को अवगत कराया गया। समिति सदस्यों ने प्रत्येक मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की तथा समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी सदस्य डिंडौरी रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां आगे की कार्ययोजना पर विमर्श किया गया।
इसी विषय में कल दिनांक 19 नवंबर 2025 को प्रातः 10:30 बजे, जनपद पंचायत सभाकक्ष डिंडौरी में अगली जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के अन्य संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी।
आज आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी वनमंडल शहपुरा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, सीईओ एवं बीईओ मेहंदवानी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।