बाल दिवस पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई सीधी पुलिस, जिले के 8 स्थानों पर चला जागरूकता अभियान

एसपी संतोष कोरी के निर्देशन में स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम, बाल अधिकार, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
सीधी। बाल दिवस के अवसर पर सीधी पुलिस ने जिलेभर में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के आठ शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री राघवेंद्र द्विवेदी सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी गई।
आठ स्थानों पर पुलिस की पाठशाला, विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद। अभियान के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, थाना जमोड़ी के अबोध पब्लिक स्कूल, थाना कुसमी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमछ, चौकी खड्डी के ज्ञान गंगा स्कूल बारों, थाना कमर्जी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोल्हूडीह, चौकी पिपरांव क्षेत्र के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघवार, थाना भुइमाड़ के नवज्योति पब्लिक स्कूल कठुटिया तथा चौकी सिहावल क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बमुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अप्रिय घटना, परेशानी अथवा असुरक्षित स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, जागरूकता से मजबूत होगा आत्मविश्वास। सीधी पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल उनके अधिकारों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, सतर्क और निर्भीक बनाना भी है। पुलिस ने बच्चों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा साइबर अपराधों और अन्य असामाजिक गतिविधियों से सतर्क रहने की सीख दी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में आयोजित यह अभियान बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों के अधिकारों का संरक्षण, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और बाल अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।