मास्टर ट्रेनर्स को मतदाता सूची प्रशिक्षण: लोकतंत्र की सुचिता के लिए मिली नई जिम्मेदारी

0 2,445

भोपाल।

भारत निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में शनिवार को राज्य, जिला और विधानसभा स्तर के मास्टर ट्रेनर्स को निर्वाचक नामावली संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चला, जिसमें आयोग की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री सुखवीर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता व जिम्मेदारी से लेने की बात कहते हुए कहा कि, “यह प्रशिक्षण सिर्फ जानकारी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मास्टर ट्रेनर्स से प्रशिक्षण लेकर राज्यभर के बीएलओ को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स को विधिक प्रावधान, निर्वाचक नामावली प्रक्रिया, रोल प्ले, केस स्टडीज, बीएलओ ऐप के साथ-साथ फॉर्म भरने की प्रायोगिक जानकारी भी दी गई। उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।

प्रशिक्षण उपरांत आईआईआईडीईएम से प्रशिक्षित 10 जिलों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मास्टर ट्रेनर्स का मूल्यांकन किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि वे आगामी प्रशिक्षणों के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी, राजेश यादव, राष्ट्रीय मास्टर ट्रेनर प्रवास जैन एवं वाईपी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है, बल्कि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने का भी सशक्त माध्यम बनेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment