गलत साइड से आई एंबुलेंस ने कार को मार दी टक्कर, कार सवार दो लोग घायल –एंबुलेंस चालक फरार

0 397

चुरहट बायपास पर हुआ भीषण सड़क हादसा, सिर में आई गंभीर चोटें; घायलों को संजय गांधी अस्पताल रेफर

सीधी जिले के चुरहट में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुरहट बायपास पर एक एंबुलेंस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस गलत साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी और सामने से आ रही कार से सीधी भिड़ंत हो गई। कार में सवार सौरभ सिंह (निवासी कनकटी) और एक अन्य व्यक्ति (निवासी खैरा) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चुरहट से रामपुर नैकिन की ओर जा रहे थे।

घटना के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और समाजसेवी आशीष तिवारी की तत्परता से घायलों को तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

चुरहट थाना प्रभारी सी.बृजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों वाहन को थाने में जब्त कर लिया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment