सेना के सम्मान में खड़े हम मैदान में” के नारों से गूंजा सिंगरौली ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

सिंगरौली || संवाददाता रोहित शाह

0 610

सिंगरौली ।


भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और पराक्रम को समर्पित “ऑपरेशन सिंदूर” के समर्थन में शनिवार को सिंगरौली नगर राष्ट्रभक्ति की अलख से गूंज उठा। “सेना के सम्मान में हम खड़े मैदान में” के जोशीले नारों के साथ नगर में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह यात्रा राजमाता चून कुमारी स्टेडियम से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक, तुलसी मार्ग होते हुए जयस्तंभ चौक पर संपन्न हुई। हाथों में लहराते हुए हजारों तिरंगे, चेहरों पर गर्व और दिलों में सेना के प्रति सम्मान की भावना—इस यात्रा ने देशभक्ति का एक अभूतपूर्व दृश्य प्रस्तुत किया।

हाल ही में भारतीय सेना द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” के अंतर्गत पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के विरुद्ध की गई कार्रवाई ने पूरे विश्व को भारत की सैन्य शक्ति से अवगत कराया। पहलगाम में हुए कायराना हमले का जवाब भारतीय सेना ने सूझबूझ, संयम और सटीक रणनीति से दिया। सीमा पार किए बिना शत्रु के अड्डों पर की गई सटीक कार्रवाई ने सेना की रणनीतिक दक्षता और समर्पण को प्रमाणित किया।

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में जिले के अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठन सम्मिलित हुए। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कांत देव सिंह, जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप निगम अध्यक्ष एवं संयोजक देवेश पांडेय, विधायक रामनिवास शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, राजेंद्र मेश्राम, सुभाष वर्मा, राम सुमिरन गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंडल व मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा गायत्री परिवार, स्वतंत्र समाज सेवा समिति, प्रयास फाउंडेशन, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-छात्रगण, मुस्लिम समाज के कार्यकर्ता, महिला स्व-सहायता समूहों, मजदूर संगठनों और संघ के कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और सेना के प्रति सम्मान प्रकट किया।

यह तिरंगा यात्रा सिर्फ़ एक आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन की आवाज़ बनकर उभरी—जो यह स्पष्ट संदेश दे रही थी कि भारतवर्ष की जनता अपने वीर सैनिकों के साथ खड़ी है। यह आयोजन सेना के जज्बे को सलाम करने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों को देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा भी प्रदान करता है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment