पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को दिया गया पोषण का संदेश

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी : 22 अप्रैल,
2025
आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में भी जगाई गई रुचि। पोषण पखवाड़ा के तहत डिण्डोरी जिले के आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों को संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मंगल दिवस का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित हितग्राहियों को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने शरीर के संपूर्ण विकास में पोषक तत्वों की भूमिका, आयरन युक्त आहार की उपयोगिता, और बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन के सरल विकल्पों की जानकारी साझा की।
महिलाओं के लिए एक पोषण युक्त व्यंजन प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय खाद्य सामग्री से बने पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए। यह प्रदर्शनी न केवल ज्ञानवर्धक रही बल्कि व्यावहारिक रूप से पोषण अपनाने के लिए भी प्रेरित करती दिखी। बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला, स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उन्हें पोषण के प्रति रोचक तरीके से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय की भागीदारी उत्साहजनक रही। यह पहल पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, जिसका उद्देश्य पोषण का संदेश हर घर तक पहुँचाना है।