बिजली खाद की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सेमरिया विद्युत कार्यालय का किया घेराव

0 299

सीधी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेमरिया के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व सीधी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा की विशेष उपस्थिति तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेमरिया के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने, जली हुई केबल, अनियमित एवं मनमाने बिजली बिल, खाद की समस्या सहित विभिन्न स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर सेमरिया विद्युत वितरण कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया।

 

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर बिजली, खाद, सड़क, पुलिस व्यवस्था, यातायात एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। ज्ञापन में सेमरिया क्षेत्र की नौ प्रमुख स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

 

*बिजली संकट और खाद की किल्लत से किसान बेहाल, सरकार तत्काल करे समस्या का समाधान: ज्ञान सिंह*

 

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि किसान पहले से ही खाद की समस्या से परेशान हैं और अब बिजली संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। धान की रोपाई एवं सिंचाई के समय पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

 

ज्ञान सिंह ने मांग की कि किसानों को सिंचाई के लिए कम से कम 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा में बदला जाए, लो वोल्टेज एवं जली हुई केबल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा गलत और मनमाने बिजली बिलों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली बिल जमा करने में थोड़ी भी देरी होने पर उपभोक्ताओं से पेनाल्टी वसूली जाती है, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर बदलने में विभाग की ओर से देरी क्यों होती है, इसकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

 

उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को सरल बनाने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को पूरे सीजन की खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सरकार को वितरण व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाकर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करानी चाहिए।

 

*बिजली सहित सभी स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो: डॉ. विनोद शर्मा*

 

सीधी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि सेमरिया क्षेत्र की जनता लंबे समय से बिजली, खाद, सड़क, पुलिस और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से परेशान है। अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खेती प्रभावित हो रही है, वहीं खराब ट्रांसफार्मर और केबल समय पर नहीं बदले जाने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। सरकार और प्रशासन को ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली और खाद जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए किसानों एवं आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, यह व्यवस्था की गंभीर विफलता है।

 

डॉ. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस केवल बिजली की समस्या ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सड़क, पुलिस, यातायात और अस्पताल से जुड़ी समस्याओं को भी जनता की आवाज बनकर उठाएगी।

 

*ज्ञापन में बिजली, खाद से लेकर पुलिस और अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुद्दा*

 

कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में सेमरिया विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत गांवों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, 24 घंटे बिजली के वादे के विपरीत हो रही अघोषित कटौती पर रोक लगाने, खराब ट्रांसफार्मरों को दो-तीन दिन की निर्धारित समय-सीमा में बदलने तथा बिजली बिलों की शिकायतों की जांच कर उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने की मांग की गई।

 

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में जली हुई केबल के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और लो वोल्टेज की समस्या को देखते हुए तत्काल खराब केबल बदलने, खाद वितरण प्रणाली को सरल बनाने तथा किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

 

इसके अलावा ग्राम ओवरहा से देवगढ़ पहुंच मार्ग में माइनर नहर क्रमांक-17 के किनारे बनी सड़क को काट दिए जाने से आवागमन बाधित होने की समस्या का समाधान करने, सेमरिया बाजार में अमृतलाल गुप्ता की दुकान में आग लगाए जाने की घटना की जांच एवं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार, वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा अवैध रेत निकासी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

 

ज्ञापन में सेमरिया बाजार में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या के समाधान के लिए ठोस यातायात व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती तथा सेमरिया अस्पताल में डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। अस्पताल के वार्डों में गंदगी की समस्या का भी उल्लेख किया गया है।

 

प्रदर्शन में जिला संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र कुमार अग्निहोत्री, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा, जिला कांग्रेस महासचिव विनोद विश्वकर्मा एवं नवीन सिंह,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचवाही अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, जिला बूथ प्रबंधन विभाग की अध्यक्ष कृतिमा सिंह, ब्लॉक किसान कांग्रेस सेमरिया अध्यक्ष विपुल सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सीधी प्रभात वर्मा, मंडल अध्यक्ष सेमरिया दिनेश गुप्ता, युवक कांग्रेस सीधी अध्यक्ष करुण सिंह, जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मनोज कोल, मंडल अध्यक्ष बम्हनी अशोक जिला सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के श्रीकृष्ण पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment