अवैध खनिज गतिविधियों पर शिकंजा, 128 प्रकरण दर्ज, ₹1.02 करोड़ जुर्माना वसूला

0 532

सीधी, 24 अगस्त 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला टास्क फोर्स के अध्यक्ष विकास मिश्रा की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के 128 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1.02 करोड़ रुपये का जुर्माना शासन के कोष में जमा कराया गया है। कार्रवाई एवं राजस्व वसूली में हुई वृद्धि को देखते हुए कलेक्टर ने अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सोन घड़ियाल अभयारण्य के भंवरसेन क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने तथा अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए बघवार, बहेरा, मयापुर, चुवाही एवं बघौड़ी क्षेत्रों में जिला टास्क फोर्स को प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

बिना नंबर के वाहनों से खनिज परिवहन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला परिवहन अधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित राजस्व, पुलिस, खनिज, परिवहन एवं सोन घड़ियाल अभयारण्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment