सीधी में पानी से भरे ड्रम में मिली दो दिन की नवजात बच्ची, क्षेत्र में सनसनी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

0 272

प्राइड कदम समाचार, सीधी

सीधी, 30 जुलाई। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम भेलकी-820 में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में पानी से भरे नीले ड्रम में दो दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लाई गई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, नवजात बच्ची का जन्म 26 जुलाई को हुआ था। 28 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट से छुट्टी मिलने के बाद परिजन उसे घर लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में बच्ची का शव घर में रखे पानी से भरे नीले ड्रम में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस दुर्घटना, लापरवाही अथवा अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment