नदी उद्गम स्थलों का संरक्षण प्रकृति और भविष्य की रक्षा का संकल्पः मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल

करमण्डल नदी, सिवनी नदी और चकरार नदी उद्गम स्थल पर किया पूजन एवं पौधरोपण
रानी दुर्गावती कन्या आश्रम में छात्राओं के साथ किया मध्यान्ह भोजन
*डिंडौरी, 30 जुलाई 2026*
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड के ग्राम कबीर चबूतरा स्थित करमण्डल नदी, ग्राम बरथना स्थित सिवनी नदी तथा वनग्राम ठाड़पथरा स्थित चकरार नदी के उद्गम स्थलों पर दर्शन एवं पूजन किया। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा कहा कि नदी उद्गम स्थलों का संरक्षण प्रकृति और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री श्री पटेल ने वनग्राम ठाड़पथरा में बैगा जनजाति के ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बैगा समाज के बुजुर्गों का तिलक लगाकर सम्मान किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल संकट के बारे में अवगत कराया। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बैगा जनजाति सहित सभी विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि क्षेत्र की छोटी-छोटी नदियां मां नर्मदा को समृद्ध बनाती हैं। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण बैगा समाज की पारंपरिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण एवं नशामुक्ति को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
दौरे के दौरान मंत्री श्री पटेल ने ग्राम पंडरीपानी स्थित रानी दुर्गावती कन्या आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया तथा छात्राओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही जनजातीय समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति हैं। साथ मे दौरे के दौरान वनपरिक्षेत्र डिंडौरी के वनमंडल अधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी की उपस्थिति में गोरखपुर में 40 हेक्टेयर वन क्षेत्र में संचालित 20 हजार मिश्रित पौधों के रोपण किया जा रहा है। इस दौरान मंत्री श्री पटेल ने पौधारोपण कर प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि डिंडौरी जिला निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान से नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन से जलस्तर में वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण, पौधरोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। यहां के जनसहयोग के कारण ही जल गंगा संवर्धन अभियान में देश में तीसरे और प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, समाजसेवी श्री नरेंद्र राजपूत, जनपद अध्यक्ष श्री राजू उद्दे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बैगा जनजाति के ग्रामीण उपस्थित रहे।