आबकारी विभाग की कार्रवाई में अवैध शराब के 06 प्रकरण कायम
38 हजार से अधिक कीमत की शराब एवं स्कूटी जब्त

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी- जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम हेतु 07 मई 2026 को आबकारी विभाग द्वारा वृत्त बजाग एवं समनापुर क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की गई। प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के 06 प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के दौरान आरोपी सागर कुमार पिता महेश प्रसाद, निवासी ग्राम विक्रमगंज जिला रोहतास (बिहार), हाल मुकाम गाड़ासरई के कब्जे से एक महरून रंग की होंडा स्कूटी में परिवहन की जा रही 25 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 25 पाव रॉयल सिलेक्ट विदेशी मदिरा बरामद की गई।
इसी प्रकार हीरा लाल पिता गेंदा, निवासी पंडरिया से 10 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, शांति बाई पति गेंदा, निवासी पंडरिया से 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, सूरज पिता चंदन मरकाम, निवासी बरसिंघा से 8 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, बिगरो बाई पति बुद्धू सिंह, निवासी बरसिंघा से 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब तथा सुभद्रा पति मुरारी नंदा, निवासी देवरी से 9 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई।
कार्रवाई में कुल 25 पाव देशी मदिरा, 25 पाव विदेशी मदिरा, 41 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब एवं लगभग 25 हजार रुपए मूल्य की होंडा स्कूटी जब्त की गई। बरामद सामग्री की अनुमानित कुल कीमत 38 हजार 575 रुपए बताई गई है। उक्त सभी प्रकरणों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 46(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं आबकारी अधिकारी श्री वैद्यनाथ वासनिक के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक राम भरोस ठाकुर, छिद्दी लाल झारिया, मनीष उइके, करिश्मा सलामे, नगर सैनिक कोता बाई, तोक सिंह मरावी एवं वाहन चालक कुलदीप उइके द्वारा संयुक्त रूप से की गई।