“सिहावल में टैलेंट का धमाका: लाल जी पांण्डेय के स्कूल की साक्षी ने 55 जिले गिनाए, मिली CEO की कुर्सी!”कलेक्टर भी हुए प्रभावित!”

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र बहरी में दिनांक 9 अप्रैल 2026 को आयोजित “संकल्प से समाधान” कार्यक्रम में प्रशासनिक संवेदनशीलता और छात्र प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में तहसील अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इसी दौरान माननीय कलेक्टर श्री विकास मिश्रा मंच पर जाने से पहले शिक्षा विभाग के स्टॉल पर रुके और जानकारी ली। आगे बढ़ते समय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पैगमा की छात्राओं द्वारा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों के नाम सुनाने की प्रस्तुति की जानकारी मिलते ही वे रुक गए और उत्सुकता से सुनने लगे। छात्राओं ने एक स्वर में शानदार तरीके से सभी जिलों के नाम प्रस्तुत किए, जिससे प्रभावित होकर कलेक्टर ने तत्काल अपनी पेन से छात्रा को पुरस्कृत किया। इस उपलब्धि पर उपस्थित अधिकारियों ने भी खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिहावल श्रीमती रश्मि पाण्डेय को निर्देशित किया कि वे विद्यालय पहुंचकर छात्राओं का उत्साहवर्धन करें। इसी क्रम में 10 अप्रैल 2026 को श्रीमती पाण्डेय शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पैगमा पहुंचीं और प्रतिभावान छात्रा कुमारी साक्षी जायसवाल (कक्षा 8वीं) को एक दिन के लिए जनपद सिहावल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया। उन्होंने छात्रा को अपने बराबर की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे चलकर कलेक्टर बनने का आशीर्वाद दिया। यह सम्मान न केवल साक्षी के लिए, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बन गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री लाल जी पाण्डेय एवं समस्त स्टाफ ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कदम ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में विद्यालय स्टाफ के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर बीएसी, बीआरसी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो निरंतर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में लगे हैं। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु इसी तरह प्रयासरत रहेंगे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)