बहरी चौराहा और मायापुर में ट्रैफिक जाम से हाहाकार, प्रशासन मूकदर्शक
बस-ऑटो चालकों की मनमानी से घंटों जाम, राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल

सीधी जिले के थाना बहरी अंतर्गत बहरी चौराहा एवं मायापुर चौराहे पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दोनों प्रमुख चौराहों पर रोजाना घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहरी चौराहा पर स्थिति यह है कि निर्धारित बस स्टैंड होने के बावजूद बस चालक तिराहे पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। वहीं सैकड़ों की संख्या में ऑटो रिक्शा भी बीच सड़क पर खड़े होकर सवारी भरने में लगे रहते हैं, जिससे जाम की स्थिति और विकराल हो जाती है।
मायापुर चौराहे पर भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानों के अतिक्रमण के बीच बस और ऑटो रिक्शा बीच रोड पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बहरी पुलिस द्वारा इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। न तो नियमित चेकिंग हो रही है और न ही अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कोई चालानी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार बढ़ती इस समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।