जल संचयन से संवर रहा भविष्य: बोरी-बंधान से जीवित हुई बहदइया नदी

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी | रिपोर्ट: शाहिद खान
सीधी जिले के ग्राम खैरा में भूजल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बहदइया नदी के तट पर जल संचयन अभियान के तहत बोरी-बंधान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। जनभागीदारी से आयोजित इस अभियान में प्रदेश शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन संभाग एवं अतिरिक्त जिला समन्वयक प्रवीण पाठक के निर्देशन तथा विकासखंड समन्वयक अनिल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें वर्षाजल को रोककर भूजल स्तर बढ़ाने, सिंचाई सुविधा सुदृढ़ करने और भविष्य की पेयजल आवश्यकता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, स्वयंसेवकों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर जल संरक्षण के प्रति अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई तथा जल संरक्षण की शपथ ली। मुख्य अतिथि कृष्णकांत द्विवेदी ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर के बीच समुदाय आधारित जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “जल को बनाया नहीं जा सकता, केवल बचाया जा सकता है,” और समाज से सामूहिक प्रयासों के जरिए सूखती नदियों को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया।
इस अभियान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रजडीहा, दिव्य सामाजिक सेवा समिति पुजौही, गीतांजलि जनकल्याण सेवा समिति जमुआर सहित अनेक स्वैच्छिक संस्थाओं की सराहनीय भागीदारी रही। मौके पर सरपंच सविता वर्मा, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सीएमसीएलडीपी के छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से यह मजबूत संदेश दिया गया कि जल संचयन ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी है और जनसहयोग से ही नदियों को फिर से जीवन दिया जा सकता है।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)