जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव में जैविक खेती विषय पर एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी सम्पन्न

0 241

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

 

बरगांव।

दिनांक 21 दिसंबर 2025, रविवार को जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल, बरगांव में जैविक खेती विषय पर एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य किसानों को टिकाऊ, कम लागत एवं पर्यावरण-संवेदनशील कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के प्रोफेसर एवं किसान कल्याण केंद्र समिति के जैविक कृषि प्रभारी डॉ. अभिषेक शुक्ला द्वारा की गई। उन्होंने किसानों को जैविक कीट नियंत्रण, प्राकृतिक कीटनाशकों, फसल सुरक्षा एवं रासायनिक प्रयोग में कमी को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

 

मृदा परीक्षण एवं सुधार के विषय पर कृषि विश्वविद्यालय के मृदा वैज्ञानिक डॉ. राकेश साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि संतुलित पोषण एवं नियमित मृदा परीक्षण से उत्पादन क्षमता में वृद्धि संभव है।

 

वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी. अमूलकर ने कम सिंचाई में धान एवं गेहूं की उन्नत किस्मों और जल संरक्षण आधारित खेती की तकनीकों की जानकारी दी।

 

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक श्री अवधेश द्वारा बागवानी फसल, विशेषकर सब्जी एवं फल उत्पादन की उन्नत तकनीक, पौध संरक्षण तथा विपणन संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र डिंडौरी द्वारा जैविक कृषि प्रदर्शन भी लगाया गया, जिसे किसानों ने रुचिपूर्वक देखा।

 

संगोष्ठी में किसानों को सब्जी बीजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में 33 महिला किसान व 55 पुरुष किसान शामिल रहे। केंद्र की प्रोग्रेसिव महिला किसान शिव कुमारी उरैति विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।

 

कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम संयोजक डॉ. योगेश राजपूत, किसान समिति अध्यक्ष श्री धर्म सिंह मरावी, गौशाला सचिव श्री उमेश, कोषाध्यक्ष श्री वीरेंद्र तिवारी एवं किसान समिति सदस्य श्री अजमेर सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी तथा किसान उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने किसानों से जैविक खेती को अपनाकर स्वस्थ मृदा, सुरक्षित पर्यावरण और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment