माड़ा क्षेत्र में भीषण वर्षा से जनजीवन प्रभावित – कलेक्टर व एसपी मौके पर पहुँचे, राहत कार्य तेज़
सिंगरौली, 25 जुलाई 2025

पिछले 50 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए माड़ा क्षेत्र में बीती रात से महज तीन घंटे में 180 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई गाँवों में भीषण जल भराव और यातायात अवरुद्ध जैसी स्थितियाँ उत्पन्न हो गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर चंद्र शेखर शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्वयं मौके पर पहुँचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की।
कलेक्टर श्री शुक्ला ने सुलियरी एवं छतौली ग्रामों में जल निकासी हेतु जेसीबी के माध्यम से तात्कालिक नालियों का निर्माण कराया एवं जिन परिवारों के घरों में वर्षा से क्षति पहुँची है, उनके लिए राजस्व अमले को तत्काल सहायता प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रभावित ग्रामीणों को सामुदायिक भवन, माड़ा में सुरक्षित पहुँचाया गया, जहाँ रहने व भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर ने स्वयं सामुदायिक भवन में ठहरे पीड़ितों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया,
“चिंता की कोई बात नहीं, प्रशासन हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा है।”
भ्रमण के दौरान प्राथमिक शाला सुलियरी भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त पाए जाने पर कलेक्टर व एसपी ने मौके पर पहुँचकर विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक सुरक्षित स्थान पर व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने समस्त नागरिकों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में जलभराव या संकट की स्थिति है तो ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच, रोजगार सहायक या पुलिस चौकी को तत्काल सूचित करें।
साथ ही, तीनों अनुभाग के राजस्व अधिकारियों व जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देश दिए कि
“जिन गाँवों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी है या मकानों में जलभराव से खतरा है, वहाँ रहवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर भोजन एवं आवास की उत्तम व्यवस्था की जाए।“
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश, एसडीएम राजेश शुक्ला, तहसीलदार अजय राज सिंह, संबंधित थाना प्रभारी, एवं जनपद अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन दल के सदस्य राहत कार्यों में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।