“बस्तुआ में जंगली भालू के हमले से मृतकों के परिजनों के प्रति जनप्रतिनिधियों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त की गई”

पीड़ित परिवारों को तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई,
जिले के ग्राम बस्तुआ में जंगली भालू के हमले से तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है जबकि दो व्यक्ति इसमें घायल हो गए हैं। उक्त दुःखद घटना पर सांसद डॉ राजेश मिश्रा, विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम सहित जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर उपखण्ड अधिकारी कुसमी आर पी त्रिपाठी ने बस्तुआ पहुंचकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की तथा राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया।
उपखण्ड अधिकारी कुसमी श्री त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार दिनांक 07.07.2025 को प्रातः लगभग 6 बजे ग्राम बस्तुआ में बब्बू यादव की पालतू भैंस पर जंगली भालू ने आक्रमण कर दिया। उसे बचाने के लिए बब्बू पिता गोपाल यादव 80 वर्ष, संतोष कुमार यादव पिता बब्बू यादव 43 वर्ष, दीनबन्धु पिता देवशरण साहू 65 वर्ष, मनीष कुमार पिता दीनबन्धु साहू 23 वर्ष एवं तेजबली पिता रामा सिंह 65 वर्ष गए। उन पर भी भालू द्वारा हमला कर दिया गया जिसमें से बब्बू यादव एवं दीनबन्धु साहू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल सीधी में उपचार के दौरान संतोष कुमार यादव की भी मृत्यु हो गई। मनीष साहू एवं तेजबली सिंह का जिला चिकित्सालय सीधी में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त घटना में मृतकों के परिजनों को वन विभाग की ओर से प्रति पीड़ित परिवार 8 लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। विधायक धौहनी द्वारा प्रत्येक पीड़ित परिवार को 10 हजार रूपये देने की घोषणा की गई है। तत्कालिक अनुदान सहायता के रूप में 10-10 हजार रुपये प्रति पीड़ित परिवार को वन विभाग से, 5-5 हजार रूपये ग्राम पंचायत बस्तुआ द्वारा तथा 50 किलो चावल एवं 50 किलो गेहूॅ प्रति परिवार जन सहयोग से प्रदान किया गया। वन विभाग के नियमानुसार घायलों का उपचार प्रचलित है। पीड़ित परिवार के प्रति जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, पशु विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य प्रतिनिधियों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त की गई।