“प्रभारी मंत्री ने भालू के हमले से मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की”

“सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट”
मृतकों के निकटतम वारिस को 25 – 25 हजार रुपये तथा घायलों को 10 -10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता,
प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने जिले के बस्तुआ में भालू के हमले से मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने दिवंगत पुण्य आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कष्ट को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रभारी मंत्री ने स्वेच्छानुदान से मृतकों के निकटतम वारिस को 25 – 25 हजार रुपये तथा घायलों को 10 -10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घटना के बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा से चर्चा की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भविष्य के लिए इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोकने विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले के ग्राम बस्तुआ में जंगली भालू के हमले से तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है जबकि दो व्यक्ति इसमें घायल हो गए हैं।