सिंगरौली में कोल और ऐश परिवहन बंद कराने को लेकर आम आदमी पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना, प्रशासन को सौंपी सूचना
सिंगरौली, 7 जुलाई 2025।

सिंगरौली जिले में गजरा बहरा से रजमिलान, खुटार, परसौना होते हुए बरगवां व कसर तक सड़क मार्ग पर प्रतिदिन हो रहे कोयला और ऐश परिवहन के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने इस भारी परिवहन से हो रही दुर्घटनाओं और आम नागरिकों की जान-माल की हानि को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना एवं पदयात्रा की लिखित सूचना दी है।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रतिभान प्रसाद द्वारा कलेक्टर सिंगरौली को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व में भी पार्टी द्वारा इस विषय को लेकर दिनांक 25.12.2024 एवं 25.05.2025 को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन आज तक प्रशासन द्वारा कोयला एवं ऐश परिवहन को रोकने के लिए कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रतिदिन भारी वाहनों के आवागमन से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई परिवारों को अपने प्रियजनों को खोने का दर्द झेलना पड़ रहा है, जो जिले के लिए अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से धरना स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की मांग की है ताकि धरनारत कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, जिला प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया गया है।
धरना स्थल:परसौना चौराहा
समय:प्रातः 10 बजे से अनिश्चितकाल तक
पदयात्रा मार्ग:
1. परसौना से खुटार तक
2. परसौना से तेलदह चौराहा तक (अलग-अलग तिथि में)
ज्ञापन की प्रति सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि जब तक कोयला और ऐश परिवहन बंद करने की मांग पर प्रशासन सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।