गर्भवती की मौत के बाद स्वीपर ने पेट चीर कर निकाला गर्भ से शिशु, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
जबलपुर । पनागर थाना क्षेत्र में आठ माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले उसकी अंतिम यात्रा को लेकर श्मशानघाट पहुंचे। वहां एक स्वीपर को बुलाया और उसने गर्भवती के पेट को ब्लेड से चीरा और गर्भ समेत शिशु के शव को बाहर निकाला गया। इस पूरे घटनाक्रम का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। अब रूह कंपा देने वाला यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इस मामले की शिकायत बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की गई है। मृतका के मायके वाले वीडियो पुलिस को सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची गौरा बाई ने शिकायत देते बताया कि उसकी बेटी राधा बाई की शादी 24 अप्रैल 2021 को पनागर निवासी गोपी पटेल से हुई थी। विवाह के बाद से ही उस पर मायके से बाइक और अन्य सामान लाने की मांग की जा रही थी। ससुराल वाले उसे परेशान भी करते थे। वह आठ माह की गर्भवती थी। इसी दौरान विगत 17 सितम्बर को अचानक राधा बाई की मौत हो गई। मामले में पनागर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
