प्रमाणीकरण के नाम पर ₹16 हजार लेने का आरोप, नायब तहसीलदार के ड्राइवर पर महिला ने की शिकायत

0 171

कलेक्टर को सौंपे आवेदन में राशि वापस कराने की मांग, जमीन के प्रमाणीकरण के दौरान पैसे लेने का लगाया आरोप

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

डिंडौरी। नायब तहसीलदार के ड्राइवर पर जमीन के प्रमाणीकरण के नाम पर राशि लेने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है। ग्राम पायली निवासी आवेदिका फुदिया बाई पति गुलाब सिंह ने 17 सितंबर 2026 को दिए आवेदन में कथित रूप से ली गई राशि वापस कराने की मांग की है।

 

शिकायत के अनुसार, आवेदिका ने वर्ष 2012 में गणेश पिता विंदे से एक एकड़ भूमि खरीदी थी। नामांतरण के दौरान उक्त भूमि गणेश के नाम दर्ज होना बताया गया। इसके बाद आवेदिका तहसील कार्यालय पहुंची, जहां उसे आवेदन लगाने की सलाह दी गई। महिला का कहना है कि उसने करीब दो माह तक तीन-चार पेशियों में नायब तहसीलदार के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्या रखी।

 

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान नायब तहसीलदार के ड्राइवर शब्बीर खान से उसकी मुलाकात हुई। महिला के अनुसार, उसने ड्राइवर को अपनी समस्या बताई तो कथित तौर पर उससे कहा गया कि वह नायब तहसीलदार का ड्राइवर है और अगली पेशी में काम कराने की बात कही गई। शिकायत में आरोप है कि बाद में उससे ₹20 हजार की मांग की गई।

 

महिला ने आवेदन में बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने अपने हाथ की चूड़ियां गिरवी रखकर ₹10 हजार दिए। इसके बाद कथित रूप से तहसील कार्यालय के कमरे में उससे ₹6 हजार और लिए गए। इस तरह कुल ₹16 हजार लेने का आरोप शिकायत में लगाया गया है।

 

आवेदिका का आरोप है कि राशि लेने के बाद उसकी भूमि का प्रमाणीकरण कर नाम दर्ज किया गया तथा ऑनलाइन पट्टा प्रदान किया गया। शिकायत में महिला ने यह भी उल्लेख किया है कि उससे कथित तौर पर कहा गया कि राशि का कुछ हिस्सा संबंधित अधिकारी को भी देना पड़ता है।

 

कलेक्टर से राशि वापस कराने की मांग

 

आवेदिका फुदिया बाई ने कलेक्टर से मामले की जांच कराकर कथित रूप से ली गई ₹16 हजार की राशि वापस कराने की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment