डिंडौरी के 126 मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी, प्रदेशभर में 74 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सौगात

0 112

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे बोले—मेहनत और प्रतिभा का सम्मान, विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से किया स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ

 

डिंडौरी19 सितंबर 2026

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के लगभग 74 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी क्रम में डिंडौरी जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा में मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जिले के 126 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। इस अवसर पर लगभग 18 लाख 20 हजार रुपये की राशि से विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ प्रदान किया गया।

 

स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने कहा कि मेहनत और लगन का सम्मान जब इस तरह मिलता है, तो आगे बढ़ने का हौसला और अधिक मजबूत होता है। स्कूटी मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा अपने भविष्य के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा मिलेगी।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते ने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य हो रहे हैं। रयपुरा स्थित विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए टेबल, कुर्सियों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

 

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे बोले—मेहनत और प्रतिभा का सम्मान, विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

 

शाहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जिले में वर्तमान में 79 हायर सेकेंडरी स्कूल हैं, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब डिंडौरी के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं है। जिले के विद्यालयों में कंप्यूटर, लैब सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए भी जिले के विद्यार्थियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम हुई है। जिले में अच्छे भवनों के साथ महाविद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। पहले लैपटॉप के लिए राशि का वितरण किया गया और अब मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जा रही है। जिले में विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल भी बनाए गए हैं, जहां आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।

 

विधायक श्री धुर्वे ने कहा कि डिंडौरी जिला शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। जिले में हो रहे विकास कार्यों को देखकर दूसरे जिले भी डिंडौरी की प्रगति को देख रहे हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि आप लोग केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और मेहनत करें। आज डिंडौरी के छात्र-छात्राएं शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया यह प्रयास उनकी शिक्षा और भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों ने स्कूटी को अपनी मेहनत का सम्मान बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने का नया उत्साह मिला है।

 

कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment