सिहावल में स्वच्छता की शपथ तो हुई, काश जिम्मेदारियों की भी शपथ होती! 

0 122

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट

 

विधायक ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, जनता बोली—साहब! कागज से निकलकर योजनाएं और सड़कें भी धरातल पर आ जाएं

सिहावल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद कार्यालय सिहावल में स्वच्छता अभियान कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और गांव-गांव स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

लेकिन कार्यक्रम के बीच एक सवाल शायद हवा में ही रह गया—स्वच्छता की शपथ तो दिला दी गई, क्या जिम्मेदारियों की शपथ भी दिलाई गई? काश अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से यह भी संकल्प कराया जाता कि सरकारी काम समय पर पूरे होंगे, हितग्राहीमूलक योजनाएं केवल कागजों में नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देंगी और पात्र हितग्राहियों को उनका पूरा लाभ बिना परेशानी के मिलेगा। क्योंकि जनता के लिए सरकारी योजना का मतलब फाइल में दर्ज उपलब्धि नहीं, बल्कि जमीन पर मिलने वाली सुविधा है।

और सिहावल की सड़कें… उनकी हालत देखकर तो लगता है कि स्वच्छता अभियान के साथ ‘सड़क दर्शन अभियान’ भी जरूरी है। जिम्मेदार अधिकारी अगर कभी बिना चश्मे के इन सड़कों पर पैदल चलकर देख लें, तो शायद उन्हें गड्ढे, कीचड़ और बदहाली का वह सच दिखाई दे जाए, जो दफ्तर की फाइलों में नजर नहीं आता। जनता चाहती है कि शपथ केवल झाड़ू उठाने तक सीमित न रहे—काम समय पर हों, सड़कें चलने लायक हों, योजनाएं जमीन पर उतरें और सरकारी सुविधाएं वास्तव में जनता तक पहुंचें। तभी स्वच्छता का संकल्प, जनसेवा का वास्तविक संकल्प कहलाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment