आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य में लापरवाही पर चार उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस
डिंडौरी, 09 सितंबर 2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता 31 अगस्त 2026 को जिले में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डिंडौरी एवं शहपुरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, जिले के समस्त उपयंत्री एवं सहायक यंत्री तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग उपस्थित रहे। बैठक में आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत करंजिया में श्री संदीप शुक्ला, उपयंत्री (संविदा), VB-GRAMG तथा श्री जॉन अनुग्रह देवड़ा, उपयंत्री (संविदा), VB-GRAMG द्वारा 03-03 आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं किए जाने पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। इसी प्रकार जनपद पंचायत डिंडौरी में श्री अमित नानोटे एवं श्री सुनील धुर्वे, उपयंत्री (संविदा), VB-GRAMG द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत 02-02 आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबंधित उपयंत्रियों को 15 दिवस की समय-सीमा में कार्य पूर्ण/प्रारंभ कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेने की बात कही तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।