रक्षाबंधन पर्व पर ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र में आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित

0 255

 

सीधी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवाकेंद्र में आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य एवं उसके वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया।

 

इस अवसर पर सीधी जिले में स्थित सेवाकेंद्रों की मुख्य संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि स्वयं को विकारों, नकारात्मक विचारों एवं कमजोरियों से मुक्त कर श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लेने का संदेश भी देता है।

 

रेखा दीदी ने समस्त सीधीवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए सभी को राजयोग मेडिटेशन सीखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राजयोग ध्यान के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र एवं शक्तिशाली बनाकर जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

 

*जिला जेल में भी मनाया गया रक्षाबंधन*

 

कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत जिला जेल में भी ब्रह्माकुमारीज द्वारा रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कैदी भाइयों को रक्षासूत्र बांधकर उन्हें जीवन मूल्यों पर चलने, बुराइयों एवं नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने तथा श्रेष्ठाचारी बनने की प्रतिज्ञा कराई गई।

 

वहीं, जिला जेल अधीक्षक, जेलर एवं जेल स्टाफ के सदस्यों को भी रक्षासूत्र बांधा गया। ब्रह्माकुमारीज बहनों ने सभी को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक संदेश से अवगत कराते हुए सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा दी।

 

इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक, शांतिपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment