नकली और मिलावटी दूध बनाने के गोरखधंधे का खुलासा, एक गिरफ्तार

0 43

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने के कथित गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 27 अगस्त को ग्राम कन्हानी नगला देहात माली निवासी मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे के घर पर छापेमारी की गई।

 

तलाशी के दौरान टीम को पामोलीन तेल के पांच पैकेट, सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर, 25-25 किलो के चार खाली बोरे, व्हे परमिएट पाउडर का एक खाली बोरा, लॉन्ड्री डिटर्जेंट लिक्विड की दो बोतलें, करीब एक किलो कास्टिक तथा करीब 600 एमएल अज्ञात रसायन बरामद हुआ।

 

पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री का इस्तेमाल नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में किया जाना पाया गया। टीम ने मुन्नालाल को उसके घर से दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना गढ़िया रंगीन में धारा 223, 274, 275 और 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-II विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार, सौरभ सोनी सहित थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment