सवैचा के लदबद टोला की सड़क बनी दलदल, जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

0 150

अतिक्रमण और जलनिकासी अवरुद्ध होने से सड़क पर कीचड़-मलमूत्र का अंबार, ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की उठाई मांग

सिहावल। जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत सवैचा के लदबद टोला में सड़क की स्थिति दिनों-दिन बद से बदतर होती जा रही है। सड़क किनारे अतिक्रमण कर झोपड़ियां बनाए जाने और बरसाती पानी की निकासी का मार्ग अवरुद्ध होने से पूरी सड़क कीचड़ एवं गंदगी से पट गई है। ऐसे में ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क के दोनों ओर गाय, भैंस सहित अन्य मवेशी बांधे जा रहे हैं, जिसके चलते पहले से संकरा मार्ग और भी संकरा हो गया है। बारिश के दौरान जलभराव के साथ मवेशियों के मल-मूत्र ने सड़क की स्थिति को और बदहाल कर दिया है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है।

स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी

सड़क की बदहाली के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब बारिश के मौसम में हालात बेहद खराब हो गए हैं।

जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों की उम्मीद

ग्रामीणों ने वर्तमान सरकार के जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायक, सरपंच सहित संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की समस्या का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सिहावल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय से क्षेत्र का दौरा कर स्थल निरीक्षण करने की मांग की है। साथ ही सड़क पर तत्काल मुरम डलवाकर आवागमन योग्य बनाने, अतिक्रमण हटाने और बरसाती पानी की उचित निकासी की व्यवस्था कराने की अपील की गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति सुधारने और जलनिकासी की व्यवस्था करने की कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

Pride Kadam | Pride India News

जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाला आपका अपना समाचार मंच

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment