उफनती महानदी पर जान जोखिम में डालकर बस निकालना पड़ा भारी, चालक-कंडक्टर पर FIR; बस जब्त

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
कलेक्टर-एसपी की चेतावनी के बावजूद पुल पार करने पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
डिंडौरी, 10 अगस्त 2026। जिले में रविवार को हुई तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर रहे। इसी दौरान शहपुरा-मंडला मार्ग पर बिछिया में महानदी के पुल के ऊपर तेज बहाव के बीच यात्री बस निकालने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो सामने आने और समाचार माध्यमों में मामला प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
बिछिया पुलिस चौकी में बस चालक संतोष झारिया और कंडक्टर आकाश के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 तथा प्रशासनिक आदेश की अवहेलना के संबंध में धारा 179 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित बस को भी जब्त कर लिया है।
पुल पर तेज बहाव के बावजूद नहीं रोकी बस
बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव हो रहा था। ऐसी स्थिति में बस को पुल से निकालना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
कलेक्टर-एसपी ने की थी सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की थी। इसके बावजूद बस चालक द्वारा सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर उफनती महानदी के पुल को पार करने का प्रयास किया गया।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से बस में सवार यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित चालक और कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बस मालिक को परिवहन विभाग का नोटिस
मामले में जिला परिवहन कार्यालय ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन विभाग द्वारा बस मालिक यशवंत चौकसे को नोटिस जारी कर बस से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील—उफनती नदी-पुलिया पार करने का जोखिम न लें
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने पर पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।