सीधी में गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत: अब फ्री में होगी सोनोग्राफी, निजी सेंटरों का खर्च उठाएगी सरकार

सरकारी अस्पताल में जांच के बाद मिलेगी सुविधा, ₹500 तक का भुगतान शासन करेगा—बिना वाउचर के नहीं होगी जांच

0 231

 

 

सीधी। जिले की गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी राहत की पहल की है। अब पात्र गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मशीन या विशेषज्ञ की कमी होने पर निजी पंजीकृत सोनोग्राफी सेंटरों के माध्यम से जांच कराई जाएगी और इसका भुगतान शासन करेगा।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के अनुसार, शासन ने प्रति सोनोग्राफी अधिकतम ₹500 की राशि निर्धारित की है। जिन शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में सोनोग्राफी मशीन तो उपलब्ध है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट अथवा प्रशिक्षित स्त्री रोग विशेषज्ञ पदस्थ नहीं हैं, वहां निजी क्षेत्र के पंजीकृत रेडियोलॉजिस्ट आवश्यक पीसीपीएनडीटी पंजीयन के बाद उपलब्ध मशीन से सोनोग्राफी कर सकेंगे।

 

वहीं, जिन सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध नहीं है, वहां से गर्भवती महिलाओं को निजी पंजीकृत सोनोग्राफी सेंटर भेजा जाएगा। इस स्थिति में भी प्रति सोनोग्राफी ₹500 तक का भुगतान शासन द्वारा किया जाएगा।

 

ई-रूपी में तकनीकी दिक्कत आई तो भी नहीं रुकेगी सुविधा

 

ई-पीएमएसएमए दिवस पर ई-रूपी के अंतर्गत एनएचए पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण डिजिटल भुगतान नहीं हो पाने की स्थिति में भी गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी से वंचित नहीं किया जाएगा। संबंधित जिले के माध्यम से निजी सोनोग्राफी सेंटर को ₹500 प्रति केस की दर से भुगतान किया जाएगा।

 

डॉक्टर की सिफारिश जरूरी, सीधे सेंटर पहुंचने पर नहीं मिलेगी मुफ्त जांच

 

निःशुल्क सोनोग्राफी के लिए गर्भवती महिला को पहले शासकीय स्वास्थ्य संस्था में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ अथवा चिकित्सा अधिकारी से जांच करानी होगी। चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर ओपीडी पर्ची पर सोनोग्राफी की अनुशंसा दर्ज की जाएगी।

 

ओपीडी पर्ची पर चिकित्सक का नाम, हस्ताक्षर और सील स्पष्ट रूप से होना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद संबंधित सरकारी स्वास्थ्य संस्था द्वारा निजी सोनोग्राफी सेंटर के लिए वाउचर जारी किया जाएगा। वाउचर के आधार पर पात्र गर्भवती महिला की सोनोग्राफी बिना किसी शुल्क के की जाएगी।

 

स्वास्थ्य विभाग की अपील—लापरवाही नहीं, समय पर कराएं प्रसवपूर्व जांच

 

सीएमएचओ डॉ. खरे ने आमजन से अपील की है कि गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसवपूर्व जांच कराई जाए और नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जाए। शासन के निर्देशानुसार पात्र महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment