बारिश में धराशाई हुआ पीएमजीएसवाई का पुल, करोड़ों की सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

0 17

 

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

डिंडौरी। चाबी–मेंहदवानी मार्ग से कुशेरा तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़क पर बनाया गया एक पुल तेज बारिश के चलते धराशाई हो गया। वहीं इसी मार्ग पर भुरका में बनाया गया दूसरा पुल भी क्षतिग्रस्त हालत में है। उसका एक हिस्सा टूटकर गिर चुका है, जिससे लगातार बारिश के बीच उसके भी कभी भी ढहने की आशंका बनी हुई है।

 

मौके पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार चाबी–मेंहदवानी से कुशेरा मार्ग की लंबाई 12.10 किलोमीटर है और परियोजना की लागत करीब 710.38 लाख रुपये यानी 7 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सड़क के बीच बने पुल का बारिश के दौरान धराशाई होना निर्माण गुणवत्ता और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

 

पुल टूटने से किसानों की फसलों को नुकसान

 

पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पानी और मलबा आसपास के खेतों तक पहुंच गया, जिससे किसानों की फसलों और खेतों को नुकसान होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। अब सवाल यह है कि किसानों की फसल और खेतों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा? क्या प्रशासन द्वारा मौके पर सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी?

 

तकनीकी जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग

 

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों पुलों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। क्षतिग्रस्त पुल की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने। इसके साथ ही सड़क और पुल निर्माण में इस्तेमाल सामग्री तथा निर्माण गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग उठाई गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी खामी सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही प्रभावित किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें उचित राहत एवं क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग भी की गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment