जहानाबाद की धार्मिक, ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत पर बोले बिरेंद्र कुशवाहा जिला स्थापना दिवस एवं श्रावणी मेला की दी शुभकामनाएं

0 46

पटना/जहानाबाद | नवीन कुमार, संवाददाता (बिहार)

जदयू के वरिष्ठ नेता बिरेंद्र कुशवाहा ने जहानाबाद जिला स्थापना दिवस के 40 वर्ष पूर्ण होने तथा श्रावणी मेला के अवसर पर जिले एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दरधा-यमुना संगम तट पर बसा जहानाबाद अपनी समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है।

उन्होंने बताया कि संगम स्थल पर स्थित माता मुंडेश्वरी मंदिर एवं गौरक्षणी धाम श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। शुभ मुहूर्त में यहां विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। बिरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बणावर की पहाड़ियां जिले की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कला-संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवर्ष बणावर महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। इसके अलावा नागार्जुन गुफा और लोमस ऋषि गुफा, जिन्हें सम्राट अशोक द्वारा बौद्ध भिक्षुओं के ठहरने के लिए बनवाया गया था, देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं।

उन्होंने काको स्थित पनीहास तट के श्रीहरि विष्णु मंदिर तथा हजरत बीबी कमाल की मजार का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्थल सांप्रदायिक सौहार्द और आस्था के प्रतीक हैं। यहां प्रतिवर्ष काको महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। उन्होंने आगे बताया कि घोसी में फल्गु नदी के तट पर स्थित बाबा झारखंड नाथ महादेव मंदिर, हुलासगंज का गोपुरम मंदिर तथा मोदनगंज प्रखंड के चरुई स्थित मां काली मंदिर जिले की धार्मिक पहचान को और समृद्ध बनाते हैं। इन स्थानों पर वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। अपने संदेश के अंत में बिरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जहानाबाद की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर जिले की अमूल्य पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों को जिला स्थापना दिवस एवं श्रावणी मेला की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जिले की उन्नति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रिपोर्ट: नवीन कुमार, संवाददाता, पटना (बिहार).

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment