जमोड़ी-बहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: चोरी की अपाची बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
₹90 हजार की अपाची मोटरसाइकिल बरामद, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना से मिली सफलता

सीधी। जिला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में थाना जमोड़ी पुलिस ने थाना बहरी पुलिस के सहयोग से चोरी गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी शिवम यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम पड़री, थाना जमोड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई 2026 को वह अपनी अपाची मोटरसाइकिल क्रमांक MP53ZD1489 से ग्राम मधुरी अपने मित्र रोहित केवट के घर गया था। रात में भोजन करने के बाद वह सो गया। तड़के करीब 3 बजे बाहर निकलने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर थाना जमोड़ी में अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में मुकेश प्रजापति निवासी खोचीपुर, थाना बहरी तथा जतिन उर्फ राइडर उर्फ लकी सोधिया निवासी मधुरी का नाम सामने आया।
थाना जमोड़ी एवं थाना बहरी पुलिस की संयुक्त रात्रि कार्रवाई में आरोपी मुकेश प्रजापति के कब्जे से चोरी गई अपाची मोटरसाइकिल (क्रमांक MP53ZD1489) बरामद कर ली गई। बरामद वाहन की अनुमानित कीमत ₹90,000 बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना बहरी के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, जमोड़ी प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक आजाद, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न तथा आरक्षक संदीप गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल 100/112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।