24 घंटे में गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 6 भरे एलपीजी सिलेंडर बरामद

सिंगरौली। थाना नवानगर पुलिस ने इंडेन गैस गोदाम अमलोरी से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 06 भरे हुए इंडेन एलपीजी गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को फरियादी कृष्णा मल्लाह निवासी अमलोरी ने थाना नवानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंडेन गैस गोदाम अमलोरी की पीछे की दीवार काटकर अज्ञात चोर 07 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर, जिनकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्री शियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं सीएसपी विंध्यनगर श्री ललित बैरागी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राकेश साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पृथ्वीलाल कुशवाहा (36 वर्ष) एवं जितेन्द्र कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कचनी, थाना बैढ़न शामिल हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर 06 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में सउनि अरविंद चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक सतीश मिश्रा, प्रधान आरक्षक बृजेंद्र यादव, आरक्षक प्रशांत सिंह, आरक्षक प्रकाश सिंह, आरक्षक गुड्डू सिंह, आरक्षक सरोज कुशवाहा एवं आरक्षक अखिलेश कुमार की विशेष भूमिका रही।