सीधी में बिजली व्यवस्था बेपटरी: बहरी क्षेत्र में 5-5 मिनट पर कटौती से उपभोक्ता बेहाल

0 152

बहरी/सीधी (मध्यप्रदेश)। सीधी जिले में विद्युत व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। विशेष रूप से बहरी क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होने से आमजन, किसान, व्यापारी और विद्यार्थी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार महज 5-5 मिनट के अंतराल पर बिजली की कटौती की जाती है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली जाने पर विभाग की ओर से अक्सर “फॉल्ट” का हवाला दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लगातार ट्रिपिंग और अनियमित आपूर्ति के कारण घरेलू उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना रहता है।

क्षेत्र के लोगों का यह भी कहना है कि बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो पाता। कई बार लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारियों के अभाव में घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो पाती, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बहरी विद्युत वितरण केंद्र में पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, जर्जर विद्युत लाइनों और उपकरणों का रखरखाव किया जाए तथा बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।

जनता की मांग है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment