आर्थिक तंगी से पढ़ाई छोड़ रहे छात्र का स्कूल में कराया प्रवेश, प्रशासन की पहल

संतोष शर्मा संवाददाता शिवपुरी
करेरा। जिला कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में शासकीय एकीकृत हाई स्कूल टीला करेरा का आकस्मिक निरीक्षण तहसीलदार ललित शर्मा एवं बीईओ मुकेश शर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के बाहर कान्हा केवट पुत्र रिंकू केवट नामक छात्र मिला, जिससे तहसीलदार ने पढ़ाई की जानकारी ली तब उसने बताया कि इसी वर्ष कक्षा आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। आर्थिक परिस्थितियां कमजोर होने के कारण वह आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहा था। तुरंत
तहसीलदार ललित शर्मा एवं बीईओ मुकेश शर्मा ने छात्र एवं उसके परिजनों से चर्चा कर कान्हा का इसी विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती अर्चना निगौती से संपर्क करके प्रवेश कराया तथा उसे आगे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने छात्र को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशासन की इस पहल से कान्हा के परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका बच्चा आगे की पढ़ाई जारी रख सकेगा। उन्होंने इस सहयोग और प्रेरणा के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।