जिला अस्पताल सीधी के गेट नंबर-2 के सामने दर्दनाक सड़क हादसा, दोपहिया चालक की मौके पर मौत

0 135

 

रात करीब 9:30 बजे हुई घटना, बिना हेलमेट तेज रफ्तार में बड़े वाहन को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा; पुलिस जांच में जुटी

 

सीधी। जिला अस्पताल सीधी के गेट नंबर-2 के सामने सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दोपहिया वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दोपहिया वाहन को तेज गति से चला रहा था तथा उसने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। बताया जा रहा है कि वह पीछे चल रहे एक बड़े वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरते हुए 407 वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मृतक की पहचान एवं दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

 

पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment