रीती पाठक के पत्र को बिजली विभाग ने माना टुकड़ा रद्दी का! साख पर लग रहा बट्टा, ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट – नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी जिले के ग्राम पंचायत शैरपुर के पहटहा टोला वार्ड क्रमांक 1 में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्रीय विधायक रीती पाठक द्वारा 08 दिसंबर 2024 को म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, सीधी के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर इस बस्ती में 6 नए बिजली पोल लगाए जाने की अनुशंसा की गई थी, लेकिन आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि शैरपुर पहटहा टोला वार्ड क्रमांक 1 में बिजली के पोल नहीं होने के कारण लगभग 10 से 15 घरों को नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने जनहित का हवाला देते हुए तत्काल 6 नए पोल लगाने का अनुरोध किया था।
लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या बिजली विभाग के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधि के पत्र को भी महज रद्दी का कागज समझ लिया? ग्रामीणों का आरोप है कि डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे यह पत्र केवल कागजों तक सीमित रह गया।
इस मामले में आवेदनकर्ताओं और ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन मिले, समाधान नहीं। उनका गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीणों का मानना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याएं याद आती हैं, बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में उन वादों को पूरा करने में गंभीरता नहीं दिखाई देती।
वहीं, बिजली विभाग की निष्क्रियता का सीधा असर विधायक की साख पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। जब विधायक द्वारा लिखे गए आधिकारिक पत्र पर भी कार्रवाई नहीं होती, तो आम जनता के बीच यह संदेश जाता है कि उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर न तो प्रशासन गंभीर है और न ही जनप्रतिनिधियों की अनुशंसाओं को महत्व दिया जा रहा है।
अब ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल विधायक के पत्र पर कार्रवाई करते हुए शैरपुर पहटहा टोला वार्ड क्रमांक 1 में 6 नए बिजली पोल स्थापित करे, ताकि वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
(यदि बिजली विभाग या संबंधित जनप्रतिनिधि का पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)