जनकल्याण शिविर में उमड़ा ग्रामीणों का जनसैलाब, 120 आवेदनों का मौके पर निराकरण, स्व-सहायता समूहों को मिली 18 लाख की सहायता

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला पंचायत प्रांगण डिंडौरी में जनपद पंचायत डिंडौरी द्वारा तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान कुल 120 आवेदनों का निराकरण किया गया, जिनमें 90 सम्बल पंजीयन, 15 श्रमयोगी मानधन, 10 राजस्व संबंधी खसरा प्रतिलिपि तथा 5 आजीविका मिशन से संबंधित आवेदन शामिल रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु 18 लाख रुपये की सीएलएफ राशि का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांश चौधरी, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, जनपद पंचायत सीईओ श्री प्रमोद ओझा, तहसीलदार श्री शशांक सेंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में लगभग 700 ग्रामीणजन शामिल हुए। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान कराया। जनकल्याण शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।