अमानक मसूर खरीदी में बड़ी कार्रवाई: खरीदी केंद्र प्रभारी पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

0 92

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

डिंडौरी, 25 मई 2026।

जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत संचालित उपार्जन कार्यों में अमानक मसूर खरीदी का बड़ा मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर खरीदी केंद्र प्रभारी एवं प्रबंधक श्री रघुवर सिंह गौतम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आकाश तुरकर द्वारा बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बी-पेक्स डिंडोरी के अंतर्गत संचालित चना एवं मसूर उपार्जन केंद्र, एमपीडब्ल्यूएलसी गोदाम निगवानी का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कृषक धन सिंह द्वारा लाए गए 17 बोरी मसूर को बिना छन्ना-पंखा एवं साफ-सफाई के शासकीय बारदानों में भरकर खरीदी किया जाना पाया गया।

 

जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम क्रमांक-19 के बाहर रखी 250 बोरियों में लगभग 125 क्विंटल तथा गोदाम क्रमांक-18 में रखी 1200 बोरियों में लगभग 600 क्विंटल मसूर अमानक स्तर का था। कुल 1450 बोरियों में लगभग 725 क्विंटल मसूर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

 

मामले में 21 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा गया था। प्रस्तुत जवाब में खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा बिना साफ-सफाई मसूर भरने एवं मसूर में तेवड़ा, कचरा तथा सिकुड़े दाने होने की बात स्वीकार की गई। वहीं गोदाम में रखे मसूर के संबंध में बारिश के कारण नमी बढ़ने और दोबारा सुखाकर एफएक्यू गुणवत्ता में परिवर्तित करने की बात कही गई।

 

जांच प्रतिवेदन और जवाब के परीक्षण के बाद यह पाया गया कि उपार्जन नीति की कंडिका 7, 8.7 एवं 10(3)(5), 10(3)(7) का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। इसके बाद सहायक आयुक्त सहकारिता जिला डिंडोरी को निर्देशित किया गया है कि श्री रघुवर सिंह गौतम के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment