ई-केवाईसी में लापरवाही पर कार्रवाई: 11 ग्राम रोजगार सहायकों के मई माह के वेतन कटौती के आदेश जारी

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत जॉब कार्ड श्रमिकों के ई-केवाईसी कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम रोजगार सहायकों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शहपुरा द्वारा जारी आदेश क्रमांक जपं/MGNREGA-MP/2026/198 दिनांक 25 मई 2026 के अनुसार 11 ग्राम रोजगार सहायकों के मई 2026 माह के वेतन में कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि जॉब कार्ड श्रमिकों की ई-केवाईसी एनएमएमएस ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत पूर्ण करने हेतु लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। इसके बावजूद संबंधित ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा कार्य में रुचि नहीं ली गई, जिसके चलते जनपद पंचायत शहपुरा की प्रगति जिले में सबसे कम रही।
कार्यालय द्वारा पूर्व में कई बार पत्र, साप्ताहिक समीक्षा बैठक, दूरभाष एवं व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से निर्देशित किया गया था। साथ ही कारण बताओ सूचना पत्र एवं अंतिम चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन संबंधित कर्मचारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
वेतन कटौती की कार्रवाई जिन ग्राम रोजगार सहायकों पर की गई है, उनमें तारेंद्र तेकाम (पालकी), राजकुमार धुर्वे (रनगांव), सुदीप झारिया (बांकी एवं कछारिमाल), मुकेश झारिया (मरवारी), महेंद्र झारिया (संग्रामपुर माल), रमेश सिंह परस्ते (कंचनपुर माल), सुभाष परस्ते (कस्तूरी पिपरिया), काशी प्रसाद चक्रवर्ती (बिछिया), शिवकुमार मरावी (पिपरिया माल) तथा दिलीप कुशराम (बरगांव) शामिल हैं।
आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की संविदा सेवा समाप्ति हेतु प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा। साथ ही सहायक लेखाधिकारी मनरेगा को संबंधित ग्राम रोजगार सहायकों के वेतन कटौती कर भुगतान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।