दुअरा खदान क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: अवैध विस्फोटक और वाहन सहित ₹7 लाख का मशरूका जप्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

0 269

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 25 मई 2026

सीधी जिले के बहरी क्षेत्र में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और थाना बहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹7 लाख कीमत का मशरूका जप्त किया है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 को प्रभारी जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला, तहसीलदार बहरी और थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय द्वारा दुअरा खदान क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिली सूचना और खनिज विभाग के पत्र के आधार पर वाहन क्रमांक MP 17 G 3415 को रोककर जांच की गई।

जांच में वाहन से 49 नग बारूद ट्यूब (करीब 136 किलोग्राम) और 52 नग डीटीएच बरामद किए गए। मौके पर परिवहन एवं उपयोग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद संयुक्त टीम ने करीब ₹1 लाख कीमत की विस्फोटक सामग्री तथा ₹6 लाख कीमत का वाहन जप्त कर कुल ₹7 लाख का मशरूका कब्जे में लिया।

मामले में थाना बहरी में धारा 288 बीएनएस एवं भारतीय विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख), 1(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अजय सिंह (22 वर्ष), निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान तथा ईश्वर सिंह (20 वर्ष), निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। वहीं वाहन स्वामी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन और सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, विस्फोटक सामग्री के दुरुपयोग और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसी संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment