स्कूल बना नशे का अड्डा! “प्रहार 2.0” में बड़ी कार्रवाई, 208 शीशी कफ सिरप सहित स्कूल डायरेक्टर गिरफ्तार

सीधी | 21 मई 2026
रीवा जोन में चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली एवं जमोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने गजराज स्कूल परिसर में चल रहे अवैध नशे के कारोबार का खुलासा करते हुए 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप और एक आल्टो कार जप्त की है। मामले में स्कूल संचालक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में दबिश दी।
स्कूल के कमरों में छिपाकर रखी थी नशीली कफ सिरप
पुलिस को सूचना मिली थी कि गजराज स्कूल परिसर के आसपास अवैध नशीली कफ सिरप की बिक्री की जा रही है और स्कूल के कमरों में बड़ी मात्रा में सिरप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
दबिश के दौरान अमन सिंह चौहान (25 वर्ष) निवासी अमरवाह थाना जमोड़ी को पकड़ा गया, जो स्वयं को गजराज स्कूल का डायरेक्टर बता रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल भवन का उपयोग नशे के कारोबार के लिए स्टोर रूम और अड्डे के रूप में कर रहा था।
52 हजार की कफ सिरप और आल्टो कार जप्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आल्टो कार क्रमांक MP18CA2926 तथा स्कूल परिसर से कुल 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 52 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने कफ सिरप एवं वाहन जप्त कर लिया।
नशा सिंडिकेट का खुलासा, कई आरोपी फरार
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध नशे का सिंडिकेट चला रहा था। मामले में आशू केवट, प्रिंस मिश्रा, अम्बिकेश सिंह गोंड, नवीन नामदेव एवं अमन सोधिया के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
स्कूल की मान्यता समाप्त करने की तैयारी
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित स्कूल की मान्यता समाप्त करने हेतु वैधानिक कार्यवाही शुरू करने की बात कही है।
एसपी संतोष कोरी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र हैं। ऐसी जगहों की आड़ में नशे का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीधी पुलिस जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।