थाना कमर्जी पुलिस की संवेदनशीलता से टली बड़ी घटना, नाबालिक बालिका को सुरक्षित बचाया गया

सोन नदी गऊघाट पुलिया पर आत्मघाती कदम उठाने जा रही थी बालिका, पुलिस की तत्परता से बची जान

0 176

 

सीधी। थाना कमर्जी पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। सोन नदी स्थित गऊघाट पुलिया पर संदिग्ध अवस्था में घूम रही एक नाबालिक बालिका को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस की संवेदनशीलता और समझदारी से न सिर्फ एक मासूम की जान बची, बल्कि उसके परिवार को भी बड़ी राहत मिली।

पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कोल के मार्गदर्शन में थाना कमर्जी पुलिस ने यह सराहनीय कार्य किया।

जानकारी के अनुसार, 07 मई 2026 की सुबह राहगीरों द्वारा सूचना दी गई कि सोन नदी के गऊघाट पुल पर एक नाबालिक बालिका संदिग्ध हालत में घूम रही है और उसके द्वारा पुल से नीचे कूदने जैसी आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना कमर्जी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

थाना कमर्जी से बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक दयानंद एवं डायल-112 में तैनात आरक्षक सुनील डाबर ने स्थानीय लोगों की मदद से बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि घरेलू विवाद और भावनात्मक तनाव के चलते बालिका मानसिक रूप से परेशान थी और आवेश में घर से निकल गई थी।

पुलिस टीम ने अत्यंत धैर्य और संवेदनशीलता के साथ बालिका की काउंसलिंग की, जिससे वह सामान्य हुई और सुरक्षित रूप से अपने परिजनों के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। बाद में बालिका को उसके पिता के सुपुर्द किया गया। साथ ही परिवार को आवश्यक समझाइश दी गई तथा आगे वन स्टॉप सेंटर एवं बाल कल्याण समिति सीधी के माध्यम से काउंसलिंग की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है।

थाना कमर्जी पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने इस सराहनीय कार्य के लिए थाना कमर्जी पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी पुलिस इसी प्रकार संवेदनशीलता, त्वरित प्रतिक्रिया और जनहित की भावना के साथ कार्य करती रहे, ताकि आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment