नेशनल लोक अदालत के प्रचार हेतु रथ को हरी झंडी, 9 मई को होगा आयोजन

सीधी सहित चुरहट, मझौली और रामपुर नैकिन में लगेगी लोक अदालत, अधिक प्रकरण निपटाने पर जोर
सीधी | 06 मई 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी द्वारा 9 मई 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला न्यायालय परिसर सीधी के साथ-साथ तहसील मुख्यालय चुरहट, मझौली और रामपुर नैकिन में संपन्न होगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रयाग लाल दिनकर ने बुधवार को जिला न्यायालय परिसर से लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पंपलेट वितरण के माध्यम से आमजन को लोक अदालत के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत श्री दिनकर ने सभी न्यायाधीशों के साथ समीक्षा बैठक कर अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर बल दिया। बैठक में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री दीपक शर्मा, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ श्री बृजेन्द्र सिंह सहित न्यायालय के अनेक न्यायाधीश एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार शिवहरे ने बताया कि आपसी सहमति से प्रकरणों का निराकरण सबसे प्रभावी तरीका है, जिससे समय, धन और मानसिक तनाव की बचत होती है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से राजीनामा योग्य मामलों का निपटारा कर सभी पक्षकारों को त्वरित न्याय प्रदान किया जाता है।
उन्होंने मध्यस्थता प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें न्यायालय के बाहर आपसी समझौता कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है, जिसके आधार पर न्यायालय निर्णय पारित करता है।