सीधी में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, 3.97 किलो मादक पदार्थ जब्त — आरोपी फरार

अमिलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

0 206

 

सीधी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमिलिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध गांजा की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 3.97 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में की गई।

जानकारी के अनुसार, 04 मई 2026 को अमिलिया पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध पतासाजी कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हौदाबांध निवासी द्वारिका प्रसाद पटेल अपने घर के पीछे बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गया। तलाशी के दौरान बाड़ी से गांजा के 4 हरे पौधे बरामद किए गए, जिन्हें उखाड़कर तौलने पर कुल वजन 3 किलो 970 ग्राम पाया गया। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 30,900 रुपए बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी द्वारिका प्रसाद पटेल के खिलाफ धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत किया जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment