जमोड़ी पुलिस ने 1350 किमी दूर से नाबालिग को सकुशल छुड़ाया, आरोपी गिरफ्तार

‘अभियान मुस्कान’ में बड़ी कामयाबी: 

0 418


शादी का झांसा देकर अपहरण, सूरत से वापी तक पीछा कर पुलिस ने बस स्टैंड से किया रेस्क्यू
खबर:
सीधी (म.प्र.)। जिले की जमोड़ी थाना पुलिस ने ‘अभियान मुस्कान’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को थाना जमोड़ी क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को शादी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव व उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन सूरत (गुजरात) में ट्रेस की गई।
थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गुजरात रवाना हुई। इसी दौरान आरोपी किशोरी को लेकर सूरत से लगभग 130 किलोमीटर दूर वापी पहुंच गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वापी बस स्टैंड से किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
करीब 1350 किलोमीटर दूर जाकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए इस ऑपरेशन में SI वर्षा यादव, ASI वीरभान, आरक्षक नीरज, आरक्षक सविता तथा साइबर सेल के प्रदीप और कृष्ण मुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र खोज और सुरक्षित वापसी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान मुस्कान’ के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, और यह सफलता पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment